मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अधिकारी अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम शशिशेखर मिश्रा और एसपी रत्ना सिंह अस्पताल पहुंचे। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी केल्हारी अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 होने की खबर है। हालांकि, मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।



