छत्तीसगढ़

शराब पीने से पार्षद समेत दो लोगों की मौत, 10 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद; जहरीले पदार्थ की मिलावट की आशंका..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब सेवन के बाद पार्षद समेत दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना 23 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे, राजा खरे तथा मुकेश कश्यप पामगढ़ स्थित शराब दुकान से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब की तीन बोतलें लेकर गए थे। शराब सेवन के बाद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

10 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद भी जांच में

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक जोहित खरे ने राजा खरे को करीब 10 लाख रुपये उधार दिए थे। बताया जा रहा है कि जोहित लगातार रकम वापस मांग रहा था। पुलिस इस आर्थिक लेन-देन के विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है।

शराब में जहरीले पदार्थ की मिलावट की आशंका

पुलिस को शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट किए जाने की आशंका भी है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस शराब के नमूनों की जांच, मेडिकल रिपोर्ट, संबंधित लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दो संदिग्ध पुलिस अभिरक्षा में

मामले में राजा खरे और मुकेश कश्यप को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, राजा खरे वर्तमान में बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती है और पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मौतों के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button