छत्तीसगढ़

कोरबा में सनसनी: तीन दिन से गायब युवक का कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आंची दादर में गुरुवार को एक सुनसान कमरे में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनय रजक पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से लापता बताया जा रहा था।

कमरे में शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। सुनसान कमरे में शव मिलने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

नशे का आदी था युवक, इस एंगल से भी जांच

स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिनय शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। ऐसे में पुलिस इस पहलू से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं नशे की हालत में कमरे में जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने से मौत तो नहीं हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन दिन से लापता था युवक

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभिनय आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था। वह सुनसान कमरे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button