बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन गुरुवार को हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे 130-B पर सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पिकअप में सवार 27 श्रद्धालु घायल
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे, जो गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोड़ के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में वाहन सवार 27 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घायलों को कसडोल CHC ले जाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी कसडोल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की टीम घायलों का प्राथमिक उपचार कर रही है।
दो घायल जिला अस्पताल रेफर
घायलों में से दो लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में मोड़ पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ना हादसे की वजह बताया जा रहा है।



