![]()
राजनांदगांव
रिलायंस जियो मार्ट डिलीवरी सेंटर में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं एक अन्य आरोपी फरार है. कंपनी के सुपरवाइजर ने ही अपने साथियों के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया है. आरोपियों के पास से 3 लाख 81 हजार रुपए नकद सहित चोरी के पैसे से खरीदे गए 3 मोबाइल को बरामद किया गया है. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को रिलायंस जियो मार्ट डिलीवरी सेंटर भिलाई के एरिया मैनेजर प्रार्थी राहुल कुमार सोनी ने कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि राजनांदगांव के एफसीआई गोदाम के समीप स्थित रिलायंस जियो मार्ट डिलीवरी सेंटर का ताला तोड़कर नगद 5,25,000 नकद और अन्य समानों की चोरी की गई. वहीं कम्प्यूटर के सीपीयू को तोड़ दिया गया है और सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर की भी चोरी की गई है.
जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न चौराहाें में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची. पुलिस को मार्ट के ही किसी कर्मचारी के घटना में शामिल होने का संदेह हुआ और पुलिस ने सुपरवाइजर रोनित देवागंन से पूछताछ की तो उसने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया. इस मामले में पुलिस ने मोहरा निवासी रोनित कुमार देवागंन, अम्बागढ़ चैकी क्षेत्र के ईहोड़ा निवासी मनेसिंह उर्फ मनीसिंह कुरेटी और परमेश्वर सलाम को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी रोनित कुमार देवागंन ने बताया कि उसके चौथे साथी संतराम कुरेटी के साथ वह एक वर्ष पूर्व जेल में था तब उसके साथ पहचान हुई थी. वहीं फरार आरोपी संतराम कुरेटी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.



