रायपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने अंबेडकर चौक पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सफाई कर्मियों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और मेडिकल किट भी वितरित की। इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत यह आयोजन भी किया गया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ऑक्सीजोन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। वृक्षारोपण के बाद उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री 12 जून से छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं और विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उनके साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
इससे पहले रायपुर में वस्त्र मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेशम उत्पादन बढ़ाने, बुनकरों की आय में वृद्धि, मिश्रित खेती को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। बैठक में “वोकल फॉर लोकल” अभियान को मजबूत करने और छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प एवं रेशम उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री के दौरे को राज्य में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसंपर्क अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



