छत्तीसगढ़

500 करोड़ के कोयला घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, 9500 पन्नों के चालान में कई चौंकाने वाले खुलासे..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 500 करोड़ रुपये से अधिक के कथित अवैध कोयला लेवी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ा कदम उठाते हुए कांग्रेस विधायक समेत 12 आरोपियों के खिलाफ करीब 9500 पन्नों का पूरक अभियोग पत्र विशेष न्यायालय में पेश किया है। जांच में कोयला परिवहन से प्रति टन अवैध वसूली, राजनीतिक गतिविधियों में रकम के इस्तेमाल और जमीन, वाशरी व अन्य संपत्तियों में निवेश से जुड़े कई तथ्य सामने आने का दावा किया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, कोयला परिवहन से 25 रुपये प्रति टन की अवैध वसूली की व्यवस्था बनाई गई थी। वहीं, लौह अयस्क पैलेट के परिवहन से 100 रुपये प्रति टन की वसूली के तथ्य भी जांच में सामने आने की बात कही गई है।

EOW ने चालान में राम गोपाल अग्रवाल, देवेंद्र सिंह यादव, विनोद तिवारी, रामप्रताप सिंह, चंद्रदेव राय, जयप्रकाश मौर्य, पियूष कुमार साहू, जोगेन्दर सिंह, अनुराग चौरसिया, दीपेश टांक, सुनील कुमार अग्रवाल और राहुल मिश्रा की कथित भूमिकाओं का उल्लेख किया है।

जांच के दौरान जब्त डायरियों, WhatsApp चैट, बैंक लेन-देन, संपत्ति दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर रकम के लेन-देन और उसके इस्तेमाल से जुड़े तथ्य चालान में शामिल किए गए हैं। EOW के मुताबिक, इस मामले में पहले भी एक मुख्य और पांच पूरक चालान पेश किए जा चुके हैं।

एजेंसी ने यह भी बताया है कि मामले में कुछ अन्य संभावित संदिग्धों और शेष लेन-देन को लेकर धारा 173(8) के तहत आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button