छत्तीसगढ़

बलरामपुर में सनसनीखेज हत्याकांड: दो दिन से लापता युवक का खेत में मिला कटा सिर, नाले के पास बरामद हुआ धड़; 2 संदिग्ध हिरासत में..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता 35 वर्षीय वसीम अंसारी का कटा हुआ सिर कदौरा गांव के एक खेत में मिला, जबकि नाले के पास उसका धड़ बरामद होने की जानकारी सामने आई है। खेत में स्कूटी के साथ युवक का सिर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम घर से स्कूटी लेकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच कदौरा गांव के एक खेत में स्कूटी और युवक का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान नाले के पास युवक का धड़ भी मिलने की जानकारी सामने आई।

दो संदिग्ध हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वसीम आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था और घटना वाले दिन उसके साथ कौन मौजूद था। उसके मोबाइल फोन, संपर्क में रहे लोगों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वसीम के परिजनों का कहना है कि वह 2 अक्टूबर की शाम घर से निकला था और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। अब खेत में उसका कटा सिर और अलग स्थान पर धड़ मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button