बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के बोड़सरा गांव में चरित्र पर शक को लेकर पति द्वारा गर्भवती पत्नी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 29 सितंबर की रात 31 वर्षीय आशीष कौशिक ने अपनी पत्नी सभ्या कौशिक के साथ विवाद के बाद लोहे की खूंटी लगे डंडे से हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। इस घटना में महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।
मामले में पीड़िता के भाई आदित्य कौशिक ने 2 अक्टूबर को हिर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 109 और 92 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी दामोदर प्रसाद मिश्रा और PSI लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी आशीष कौशिक को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



