राजनांदगांव। दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ठेकेदार समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। पांच दोस्त भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास उनकी कार पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास ने रविवार को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया गया कि 3 अक्टूबर को अभिषेक का जन्मदिन था। उन्होंने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद रात में दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने निकले थे। पांचों एक कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने दोस्त की कार चला रहा था।
पहले एक ढाबे पर खाना नहीं मिलने के बाद सभी आगे बढ़े। बाद में दूसरे ढाबे पर रुकने के दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई। इसके बाद कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के पास हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



