छत्तीसगढ़

बालोद में दिनदहाड़े एसिड अटैक, कॉलेज जा रही युवती को बनाया निशाना..

बालोद। जिले में कॉलेज जा रही एक युवती पर अज्ञात युवक द्वारा एसिड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, युवती कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसकी मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी।

घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर कर दिया।

एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना के अनुसार, घटना के बाद आरोपी तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा है। पुलिस को उसके सफेद रंग की शर्ट पहने होने की जानकारी मिली है। इसी हुलिए के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस ने तांदुला बांध और आसपास के जंगल क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। साथ ही आसपास के इलाकों से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से कोई परिचय था या नहीं और हमले के पीछे की वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Back to top button