रायपुर। सिलयारी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर मामले को दबाने, समझौता कराने और आरोपी पक्ष से पैसों की वसूली करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कांग्रेस नेता सूरज ठाकुर और सैफी खान उर्फ उस्मान सैफी शामिल हैं। इससे पहले वायरल वीडियो के आधार पर पीड़िता के दादा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वीडियो में कथित तौर पर मामले को दबाने के एवज में पैसे लेते हुए देखा गया था।
मामला अप्रैल महीने का है, जब सिलयारी क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बरामदगी के बाद प्रारंभिक बयान में पीड़िता ने किसी भी अपराध से इनकार किया था, जिसके आधार पर केस को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
हालांकि बाद में वायरल वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने दोबारा जांच के आदेश दिए। पुनः दर्ज बयान में पीड़िता ने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
मामले की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



