छत्तीसगढ़

नए बस स्टैंड के पास मौत बनकर आई टाटा मैजिक, बाइक सवार युवक की मौत..

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर नए बस स्टैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे टाटा मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद टाटा मैजिक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है। वह रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार, घटना के दिन आशीष पेंड्रा की एक दुकान में कुर्सी की मरम्मत का काम पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नए बस स्टैंड को पार करते समय सामने से आ रहे टाटा मैजिक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

जर्जर सड़क और अधूरे बाईपास पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग की जर्जर हालत और पेंड्रा बाईपास का निर्माण अधूरा होने पर नाराजगी जताई है। नागरिकों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति और मुख्य मार्ग पर वाहनों के दबाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने बाईपास निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Back to top button