छत्तीसगढ़

महासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, कीमत 2.80 करोड़ रुपये; महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर एक वाहन से 560 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर के एक वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में लगभग 35 किलो गांजा रखा गया था।

वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे आइचर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, गांजा, वाहन और अन्य जब्त सामग्री सहित कुल संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है।

महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अजय रविन्द्र पवार और 25 वर्षीय स्वराज महाजन के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के बरहमपुर क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button