छत्तीसगढ़

मनेन्द्रगढ़ में खड़ी कार को लगाई आग, वाहन जलकर खाक; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस..

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में शुक्रवार सुबह एक खड़ी कार में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। वाहन व्यापारी संगठन CAIT के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार का बताया जा रहा है। घटना के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सुबह 5 बजे पुरानी नगरपालिका तिराहे के पास हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे पुरानी नगरपालिका तिराहे के पास की है। यहां खड़ी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार पूरी तरह जल गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मामला मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। व्यस्त इलाके में खड़ी कार में आग लगने की घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के घरों और दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में आग अपने आप लगी या किसी ने जानबूझकर आग लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button