छत्तीसगढ़

सुकमा में विस्फोट से मचा हड़कंप, दो ASI समेत CRPF के चार जवान घायल..

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुराने विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक धमाका हो गया। इस हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। घायलों में दो सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना भेज्जी थाना क्षेत्र में एलार्मडगु सुरक्षा कैंप के पास बोदराजपदर नाला के नजदीक हुई। सुरक्षा कैंप से करीब 200 मीटर दूर जगदलपुर से पहुंची CRPF की तकनीकी टीम पुराने और अनुपयोगी विस्फोटकों को नष्ट करने का काम कर रही थी।

इसी दौरान विस्फोटक का एक टुकड़ा उछलकर पास में जा गिरा, जिससे अचानक धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से मौके पर मौजूद चार जवान घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कोंटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों ASI को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

घायल जवानों की पहचान ASI एमके तिवारी, ASI अनीश खान, इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा और हेड कांस्टेबल कुलदीप राज के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना नक्सली हमले के कारण नहीं, बल्कि पुराने विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुए हादसे के चलते हुई। फिलहाल घायल जवानों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button