छत्तीसगढ़

बच्चों से मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, सरकारी स्कूल की प्रधान पाठिका गिरफ्तार..

बालोद। अपने ही बच्चों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोप में बालोद पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला परसदा में पदस्थ महिला प्रधान पाठिका शबाना बानो को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चों ने बालोद कोतवाली थाने पहुंचकर अपनी मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बच्चों ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना किए जाने के आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मामले में बच्चों के बयान बाल कल्याण समिति के समक्ष भी दर्ज किए गए। शिकायत और बच्चों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधान पाठिका को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि पुलिस को महिला प्रधान पाठिका के पाररास स्थित किराए के मकान में मौजूद होने की जानकारी मिली थी। वह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान बालोद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। बच्चों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

पुराने विवाद का भी किया जा रहा उल्लेख

पुलिस कार्रवाई के बीच आरोपी प्रधान पाठिका के पति से जुड़े एक पुराने विवाद का भी उल्लेख सामने आया है। कुछ माह पहले एक निजी रिसॉर्ट में उनके पति से जुड़े एक कथित विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही गई थी। हालांकि, इस पुराने मामले का वर्तमान प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है।

Leave a Reply

Back to top button