छत्तीसगढ़

सड़क पर लेटा था 21 वर्षीय युवक, ऊपर से गुजर गई तेज रफ्तार कार; मौत से मचा हड़कंप..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रत्नाबांधा रोड पर सड़क के बीच लेटे युवक के ऊपर से तेज रफ्तार कार गुजर गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। सामने आए फुटेज के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना 7 अक्टूबर की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। रत्नाबांधा निवासी सागर नागरची सड़क पर लेटा हुआ था। खबरों के अनुसार, युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इसी दौरान वहां से कई वाहन गुजरे। कुछ देर बाद एक कार युवक को अपनी चपेट में लेते हुए उसके ऊपर से निकल गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद युवक कार के साथ करीब 12 फीट तक घसीटता चला गया। हादसे में उसके सिर, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को वरदान एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े CCTV फुटेज की मदद से घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button