रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई सौगात मिलने जा रही है। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कॉलेज में प्रारंभिक तौर पर 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू करने की तैयारी है।
फिजियोथेरेपी कॉलेज का संचालन फिलहाल कंडोरा में करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन में किया जाएगा। हाईस्कूल संचालन की अनुमति नहीं मिलने के बाद शासन ने पहले से उपलब्ध भवन का बेहतर उपयोग करने का निर्णय लिया है। इससे एक ओर भवन का उपयोग सुनिश्चित होगा, वहीं दूसरी ओर जिले के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा का अवसर स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
विद्यार्थियों को जिले में ही मिलेगा व्यावसायिक शिक्षा का अवसर
कॉलेज शुरू होने से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। 50 सीटों के साथ शुरू होने वाले इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक शिक्षा दी जाएगी।
इससे विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
मरीजों को भी मिलेगा फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ
फिजियोथेरेपी कॉलेज की शुरुआत का लाभ केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। जिले में फिजियोथेरेपी सेवाओं के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा। वर्तमान में कई मरीजों को फिजियोथेरेपी उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन और विशेषज्ञ सेवाएं विकसित होने से भविष्य में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
चराईडांड में बनेगा स्थायी हाईटेक कैंपस
फिजियोथेरेपी कॉलेज के लिए चराईडांड के पास करीब 13.93 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी हाईटेक कैंपस विकसित करने की योजना है। स्थायी परिसर तैयार होने तक कंडोरा के मौजूदा भवन से कॉलेज का संचालन किया जाएगा।
स्थायी कैंपस बनने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा। इससे जशपुर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा की सुविधाओं को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रस्तावित शुरुआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा के नए अवसर मिलने के साथ भविष्य में जिले में फिजियोथेरेपी उपचार सुविधाओं के विकास को भी गति मिल सकती है।



