दुर्ग। छत्तीसगढ़ में अचानक बदले मौसम के बीच दुर्ग जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान के पास गिरी बिजली की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले में शाम के समय मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई और कई स्थानों पर ओले गिरने की भी खबर सामने आई। इसी दौरान एक निर्माणाधीन मकान के पास कम समय के अंतराल में दो बार आकाशीय बिजली कड़की।
दूसरी बार हुए वज्रपात की चपेट में वहां काम कर रहे दो मजदूर आ गए। हादसे में लोरमी निवासी 20 वर्षीय मनोहर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बिलासपुर निवासी 24 वर्षीय राहुल निषाद गंभीर रूप से झुलस गए।
घायल राहुल निषाद को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इधर, मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण दुर्ग के अलावा कोंडागांव जिले में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। कोंडागांव में तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर टेंट उखड़ने की जानकारी सामने आई है।



