रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा व्याख्याता एवं व्याख्याता एल.बी. (टी-संवर्ग) के पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए मंगलवार को ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर रायपुर में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली काउंसिलिंग में कुल 209 अभ्यर्थियों में से 193 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस दौरान उपस्थिति 92.34 प्रतिशत रही।
काउंसिलिंग के लिए विषयवार पदोन्नत व्याख्याताओं की सूची दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद विभागीय पोर्टल पर 25 सितंबर 2026 को अपलोड की गई थी। यह सूची संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा एवं जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की गई थी।
काउंसिलिंग शुरू होने से पहले उपस्थित अभ्यर्थियों को पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई गई।
हिंदी में सभी उपस्थित अभ्यर्थियों ने दी सहमति
हिंदी विषय में कुल 74 अभ्यर्थियों में से 68 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में उपस्थित हुए। इनमें सभी 68 अभ्यर्थियों ने पदस्थापना के लिए सहमति दी।
अंग्रेजी विषय में 35 में से 29 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 24 ने सहमति दी, 3 अभ्यर्थियों ने असहमति जताई, जबकि 2 ने पदोन्नति से इनकार किया।
संस्कृत विषय में कुल 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इनमें 47 ने सहमति दी और एक अभ्यर्थी ने पदोन्नति से इनकार किया।
वहीं गणित विषय में 50 में से 48 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए। इनमें 46 ने सहमति दी, एक अभ्यर्थी असहमत रहा और एक ने पदोन्नति से इनकार किया।
185 अभ्यर्थियों ने दी पदस्थापना के लिए सहमति
कुल 209 अभ्यर्थियों में से 193 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में उपस्थित हुए। इनमें 185 अभ्यर्थियों ने पदस्थापना के लिए सहमति दी, जबकि 4 अभ्यर्थियों ने असहमति जताई और 4 ने पदोन्नति से इनकार किया। कुल 16 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे।
काउंसिलिंग में शामिल अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए पदांकन आदेश प्राप्त किए जा रहे हैं। ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से पदोन्नत व्याख्याताओं की पदस्थापना प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया।



