छत्तीसगढ़

कलयुगी बेटे ने लाठी से पीटकर पिता को उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद गांव में छिपा आरोपी गिरफ्तार..

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला हत्या का मामला सामने आया है। जनकपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर गांव में ही छिप गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक विवाद के बाद हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, भगवानपुर गांव निवासी वंश बहादुर सिंह (31) का अपने पिता बिरन सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर वंश बहादुर ने लाठी से पिता पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बिरन सिंह की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद गांव में ही छिपा आरोपी

पिता की हत्या के बाद आरोपी घर से भाग गया। पुलिस से बचने के लिए वह गांव के बघवार मोहल्ले में ही छिपकर बैठा था। घटना की सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

हत्या में इस्तेमाल लाठी बरामद

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी को घर के सामने खेत से बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button