बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक की सनसनीखेज घटना सामने आई। आमापारा इलाके में आत्मानंद स्कूल के सामने लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर एक युवक ने कथित तौर पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा, आंख और शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है और MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। एसिड अटैक के बाद छात्रा चीखने लगी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद आमापारा नहर की ओर भाग गया था। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने कोंडागांव से महिंद्रा बस में सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्रा पर हमला क्यों किया गया। हमले के पीछे की वजह और मुख्य आरोपी की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।



