छत्तीसगढ़

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पिता और 12 साल के बेटे की मौत..

धमतरी। ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम से लौट रहा एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। अरमरीकला और सनौद के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा घायल है।

जानकारी के अनुसार, सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचराबांधा निवासी अनोन कुमार (12) अपने पिता और भाई के साथ 4 अक्टूबर को ग्राम मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अरमरीकला और सनौद के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने पिता और 12 वर्षीय अनोन कुमार को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दूसरे बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पिता और बेटे की मौत से ग्राम कचराबांधा में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button