छत्तीसगढ़

मामूली चोट के इलाज के लिए गया था युवक, गलत इंजेक्शन से बिगड़ी तबीयत और चली गई जान..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए कथित गलत इंजेक्शन के बाद 28 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बेंदलकोना गांव निवासी हर प्रसाद सोनवानी के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी कथित झोलाछाप डॉक्टर घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के समय हर प्रसाद बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बचने के प्रयास में वह गिर गए थे। हादसे में उनके घुटने में मामूली चोट आई थी। इलाज के लिए वह तरदा गांव में किराए के मकान में क्लिनिक चला रहे मुरली मनोहर उर्फ महाराज के पास पहुंचे थे।

आरोप है कि कथित डॉक्टर ने युवक की कमर में इंजेक्शन लगाया। इसके करीब दो दिन बाद हर प्रसाद के शरीर में तेज दर्द और खिंचाव के साथ नीले निशान पड़ने लगे। धीरे-धीरे संक्रमण गंभीर होता चला गया।

परिजन उन्हें इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संक्रमण की पुष्टि की। इसके बाद आरोपी कथित डॉक्टर ने बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिलाते हुए युवक को टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन 9 सितंबर को हर प्रसाद को रायपुर एम्स और इसके बाद मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, दोनों जगह बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बाद युवक को वापस कोरबा लाया गया और 22 सितंबर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया गया।

लगातार इलाज के बावजूद हर प्रसाद की हालत बिगड़ती गई और 5 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कथित झोलाछाप डॉक्टर की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

Leave a Reply

Back to top button