धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में डायल 112 में पदस्थ एक आरक्षक की कंट्रोल रूम में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ओमप्रकाश सोनवानी के रूप में हुई है। घटना रुद्री थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुरूद निवासी ओमप्रकाश सोनवानी की ड्यूटी बीती रात डायल 112 के कंट्रोल रूम में लगी थी। नाइट ड्यूटी के दौरान वह कंट्रोल रूम में मृत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना से पहले आरक्षक की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या वह किसी तरह के तनाव में थे।
कारणों की जांच जारी
फिलहाल आरक्षक की मौत के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।



