छत्तीसगढ़

नौकरी-ट्रांसफर के नाम पर 25 लाख की ठगी, गृहमंत्री का PA बताने वाला आरोपी गिरफ्तार..

रायपुर। सरकारी नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने का झांसा देकर करीब 15 लोगों से 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता बोस्टो तांडी से आरोपी आदित्य मोहन पंडा ने खुद को गृहमंत्री विजय शर्मा का PA बताकर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 70 हजार रुपये लिए थे। लेकिन रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई गई।

जांच के दौरान पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अब तक करीब 15 लोगों से नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये वसूले हैं। पुलिस को आशंका है कि ठगी के और भी मामले सामने आ सकते हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गृहमंत्री कार्यालय का फर्जी ID कार्ड भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार रायपुर और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाईट्स देवपुरी रायपुर के रूप में हुई है।

सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत BNS की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Back to top button