अंबिकापुर। अंबिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चिरंगा मोड़ के पास सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे ब्रेकडाउन हालत में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक सिलसिला स्थित कुदरगढ़ी एलुमिना फैक्ट्री में सेकेंड शिफ्ट की ड्यूटी खत्म करने के बाद एक ही बाइक से बतौली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चिरंगा मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी राजेश कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और डायल-112 तथा बतौली पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इलाज के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भटको निवासी अजय प्रधान (22) और बतौली क्षेत्र निवासी मुन्ना राम (22) की मौत हो गई। दोनों युवक पिछले करीब दो वर्षों से फैक्ट्री में साथ काम कर रहे थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
वहीं हादसे में घायल बासेन निवासी राजमोहन पैंकरा (27) की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया है।
बताया जा रहा है कि चिरंगा मोड़ का यह इलाका पहले से ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। NH-43 पर इस तरह के कई अन्य खतरनाक स्थान भी हैं, जहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं।



