कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण, छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी मुकेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे विशेष न्यायालय FTC कोरबा में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के पिता ने 19 सितंबर 2026 को उरगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी।
पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद किया। बालिका ने बाल कल्याण समिति (CWC) और कोर्ट के समक्ष दिए बयान में आरोपी मुकेश यादव पर बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप लगाए।
इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 65(1), 74 बीएनएस तथा धारा 4 और 8 पॉक्सो एक्ट जोड़ा। आरोपी मुकेश यादव पिता भारत यादव, निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को 6 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
उरगा थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दर्राभाठा पानी टंकी के पास से अजीत खुंटे को 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



