धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में हुई आगजनी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 47 वर्षीय आरोपी जीवन निषाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 1 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की। आरोपी ने पहले पेट्रोल नोजल में आग लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों में माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
बच्ची की मौत से नाराज था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक बच्ची गिर गई थी। बाढ़ के तेज बहाव में बच्ची बहकर महानदी की ओर चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मान रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने गुस्से में आगजनी की।
घटना की शिकायत मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास की जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल माचिस और वारदात के समय पहने कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।



