छत्तीसगढ़

डोंगरगढ़ में खूनी वारदात, घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या; बेटी अस्पताल में भर्ती..

राजनांदगांव। डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में घुसकर मां और बेटे की हत्या कर दी गई, जबकि परिवार की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

घर में घुसकर मां-बेटे पर हमला

मिली जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर और उनके बेटे पर घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं, बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पारिवारिक रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिवार के ही एक रिश्तेदार पर संदेह होने की बात सामने आई है, हालांकि आरोपी की भूमिका और हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात के कारणों और आरोपियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button