छत्तीसगढ़

अरुण साव के निर्देश पर एक्शन में PWD, अंबिकापुर की 150 किमी सड़कों की होगी मरम्मत, ₹3 करोड़ मंजूर..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद अंबिकापुर में खराब सड़कों की मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सड़क संधारण के लिए ₹3 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इस राशि से अंबिकापुर संभाग के विभिन्न मार्गों के करीब 150 किलोमीटर हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। सभी कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

महामाया चौक से लरंग साय चौक तक मरम्मत शुरू

अंबिकापुर शहर में महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की बीटी पैच मरम्मत शुरू कर दी गई है। इसके तहत सड़क पर बने गड्ढों और खराब हिस्सों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

अरुण साव ने अधिकारियों को दिए थे निर्देश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों की बदहाल स्थिति सुधारने के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को सड़क के गड्ढों की जल्द मरम्मत करने और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित व सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को कहा था।

निर्देशों के बाद विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिए हैं। अन्य स्वीकृत मार्गों पर भी संधारण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी की जा रही है।

दिसंबर तक पूरा होगा मरम्मत कार्य

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, ₹3 करोड़ की स्वीकृत राशि से अंबिकापुर संभाग के विभिन्न मार्गों के कुल 150 किलोमीटर हिस्सों का संधारण किया जाएगा। दिसंबर तक काम पूरा होने का लक्ष्य है।

सड़कों की मरम्मत पूरी होने से वाहन चालकों और आम नागरिकों को गड्ढों से होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Back to top button