छत्तीसगढ़

MMI हॉस्पिटल के सामने नाले पर बने 10 अवैध पाटों पर चला बुलडोजर..

रायपुर । जोन क्रमांक-10 के अंतर्गत रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड-55 स्थित लालपुर में MMI हॉस्पिटल के सामने नाले पर बनाए गए लगभग 10 बड़े अवैध पाटों को तोड़ दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन अवैध निर्माणों के कारण नाले की सफाई में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी। बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव और निकासी की समस्या से बचने के लिए कार्रवाई की गई।

जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थ्री-डी मशीन की सहायता से अवैध पाटों को हटाया। कार्रवाई के दौरान नाले को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई कार्य का रास्ता भी साफ किया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों और जल निकासी मार्गों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Back to top button