सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। डभरा थाना क्षेत्र के भेड़िकोना गांव में एक बेटे ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में बेटे ने मां के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे बचा पाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और घरेलू विवादों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।



