News

CG- कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार..

गोलीकांड का खुलासा, CCTV और साइबर जांच से पहुंचे आरोपी तक

जांजगीर-चांपा। जिले में कांग्रेस नेता के घर घुसकर गोली मारकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के करीब एक माह बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में कांग्रेस नेता के बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौत हो गई थी, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था।

23-24 अप्रैल 2026 की रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और आयुष कश्यप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई को भी गोली मार दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही तत्कालीन प्रभारी एसपी निवेदिता पॉल, एएसपी उमेश कुमार कश्यप, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने खुद घटनास्थल का दौरा कर जांच के निर्देश दिए थे। ग्राम करही में विशेष पुलिस कैंप बनाकर रेंज स्तरीय टीम गठित की गई थी।

पुलिस ने जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ की। साइबर और आसूचना टीम लगातार सक्रिय रही। इसके बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने “ऑपरेशन हंट” शुरू किया, जो मामले में टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

जांच में सामने आया कि मृतक आयुष कश्यप का सीमेंट और रेत कारोबार था। आरोपियों के साथ उधारी के पैसों और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पूछताछ में आरोपी भूषण बघेल ने खुलासा किया कि मृतक की बढ़ती आर्थिक स्थिति और प्रभाव से आरोपी जलन रखते थे। इसी द्वेष और आक्रोश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार, वारदात की रात आरोपियों ने पहले घर के आसपास निगरानी की। सहयोगियों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़ा, फिर आरोपियों ने मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया और आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर फायरिंग की।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button