छत्तीसगढ़

बिलासपुर में सनसनी: सुबह-सुबह युवक की लाश मिलने से हड़कंप..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। बीच बस्ती में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान गणेश नगर नयापारा निवासी इरफान बघीरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निमितेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में रात के समय पुलिस की मौजूदगी कम हो गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की इस वारदात ने सिरगिट्टी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Back to top button