रायपुर। राजधानी रायपुर के बिरगांव इलाके में क्रिकेट खेलने पहुंचे एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। मुखबिरी के शक में हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवक बिरगांव स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी अमन उइके और उसके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों को युवक पर मुखबिरी करने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में युवक की जांघ और घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। घायल हालत में उसे तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने अमन उइके और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमला पूर्व नियोजित था या अचानक हुए विवाद का नतीजा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



