छत्तीसगढ़

CG- पुलिसकर्मियों की कॉलर पकड़कर फाड़ी वर्दी: बदमाशों ने पुलिस गाड़ी पर किया पथराव, जन्माष्टमी पर DJ बंद करवाने पहुंचे जवान..

बिलासपुर। जन्माष्टमी पर्व पर डीजे बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। झूमाझटकी की और कॉलर पकड़कर वर्दी फाड़ दी। युवकों ने पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पर भी पथराव किया, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

बदमाश नशे में धुत थे। उनके हमले में 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज किया है। साथ ही CCTV फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

गांधी नगर की समिति देर रात तक डीजे बजाती रही

SDOP नुपुर उपाध्याय ने बताया कि रतनपुर में भी तीन अलग-अलग समितियों ने DJ बजाने के लिए अनुमति मांगी थी। उन्हें नियम के अनुसार तय समय तक डीजे बजाने की अनुमति दी गई थी। इस दौरान जगह-जगह मटकी फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियां निकलीं।

डीजे की धुन पर नाचते हुए युवा शहर में घूम रहे थे। दो समितियों ने तय समय पर डीजे बंद कर दिया था, जबकि गांधी नगर की समिति देर रात तक डीजे बजाती रही। देर रात थाने की पेट्रोलिंग टीम युवकों को जल्दी डीजे बंद करने की समझाइश देने पहुंचे थे।

मना करने पहुंचे पुलिसकर्मी, युवकों ने मचाया बवाल

आरोप है कि इस दौरान युवक शराब के नशे में डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। मना करने पर पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों के सामने जमकर बवाल मचाया।

पुलिसकर्मियों से की हाथापाई, फाड़ दी वर्दी

युवकों ने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी कर चारों तरफ से घेर लिया। वहीं हंगामे का आरक्षक वीडियो बनाने लगा, तो युवक हाथ से मोबाइल छीनने लगे। धक्कामुक्की कर हाथापाई शुरू कर दी। इसके साथ ही कॉलर पकड़कर वर्दी भी फाड़ दी।

पुलिस गाड़ी पर किया पथराव, 2 आरोपी पकड़ाए

घायल पुलिसकर्मियों ने थानेदार रजनीश सिंह को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाने से बल लेकर वो घटना स्थल पहुंचे। पुलिस की गाड़ी पर युवक पथराव कर इधर-उधर भाग गए। पुलिस ने मौके से भाग रहे 2 युवकों को दबोच लिया। उनसे पूछताछ कर हमलावरों की जानकारी जुटाई जा रही है।

देर रात पहुंची SDOP, युवकों को खोजती रही पुलिस

पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर मिलते ही एसडीओपी नुपुर उपाध्याय देर रात रतनपुर पहुंची। उन्होंने कोटा थाने से बल बुलाया। इसके बाद अलग-अलग टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में शुभम ठाकुर और बड़ी संख्या में उसके दोस्त शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि ज्यादातर युवक नशे में थे, जिन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और हाथापाई की। पुलिस ने घायल आरक्षकों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Back to top button