रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़िता की शिकायत पर 26 मई को अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए गंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले में गिरफ्तारी नहीं होने से चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उसे संरक्षण देने का प्रयास कर रही है। पीड़िता ने दावा किया है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी के परिजन लगातार थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, जबकि आरोपी भी पुलिस के संपर्क में बना हुआ है।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत राज्य के गृहमंत्री और पुलिस कमिश्नर से भी की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है। सूरजपुर स्थित उसके निवास पर दबिश दी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली और गिरफ्तारी में हो रही देरी पर सवाल उठने लगे हैं।



