छत्तीसगढ़

जादू-टोने के शक में बैगा की हत्या, लाठी-डंडों और पत्थरों से बेरहमी से पीटा..

कवर्धा। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कांदावानी में जादू-टोना के संदेह में एक बैगा की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान रामसिंह बैगा को लेकर जादू-टोना करने का संदेह जताया गया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी रामसिंह को बरसाती नाला की ओर ले गए। वहां लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्कों से उसकी जमकर पिटाई की गई।

गंभीर चोट लगने के कारण रामसिंह की मौत हो गई। सूचना मिलने पर कुकदूर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को गिरफ्तार किया, जबकि घटना में शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Back to top button