छत्तीसगढ़

परीक्षा में कम नंबर आए तो घबराएं नहीं, शिक्षिका ने बच्चों को दिया जीवन का संदेश..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानो में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में 121 विद्यार्थियों ने जीवन की किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या न करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। शिक्षिका प्रतीक जैन ने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस हर वर्ष 10 सितंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं को रोकना और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आने पर घबराने या डरने की जरूरत नहीं है। किसी एक परीक्षा का परिणाम जीवन का अंतिम फैसला नहीं होता। मुश्किल परिस्थितियों में परिवार, शिक्षक या भरोसेमंद व्यक्ति से बातचीत करनी चाहिए।

प्रतीक जैन मार्च 2022 से आत्महत्या रोकथाम के क्षेत्र में जागरूकता अभियान से जुड़ी हैं। बेमेतरा सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित सेमिनारों के माध्यम से वे अब तक करीब 4 हजार लोगों को आत्महत्या न करने के लिए संकल्पित कर चुकी हैं।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि आत्महत्या को सामाजिक कलंक के बजाय मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषय के रूप में समझने और इस पर खुलकर बातचीत करने की आवश्यकता है। समाज में मानसिक संबल बढ़ाने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Back to top button