छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका की मौत से सनसनी, घर में फांसी पर लटका मिला शव..

सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में आत्मानंद स्कूल में पदस्थ 26 वर्षीय शिक्षिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल शिक्षिका के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सलका क्षेत्र की रहने वाली थी और आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। घटना रात के समय की बताई जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद इसकी सूचना प्रेमनगर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस अब परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिक्षिका ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल शिक्षिका की मौत को लेकर कई सवाल अनसुलझे हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button