कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ से परेशान 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा की जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही 17 वर्षीय नाबालिग पर लंबे समय से छेड़छाड़ करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, नाबालिग छात्रा का कॉलेज आते-जाते रास्ता रोककर उसे परेशान करता था। आरोप है कि वह छात्रा की मां और भाइयों के नाम सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या की धमकी भी देता था और उस पर मिलने का दबाव बनाता था। परिजनों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
बताया गया कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और 12वीं पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लिया था। वह अपनी मां के साथ रहती थी। पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि दोनों भाई बाहर काम करते हैं।
लगातार परेशान रहने के बाद छात्रा ने 3 सितंबर को चूहा मारने की दवा खा ली। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां करीब तीन दिन इलाज के बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई।
परिजनों का यह भी कहना है कि नाबालिग की हरकतों को लेकर पहले थाने में मौखिक शिकायत की गई थी। मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी में परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।



