छत्तीसगढ़

रील देखते-देखते चली गई जिंदगी, नेटवर्क गया तो महिला ने पी लिया कीटनाशक..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में 52 वर्षीय महिला ने मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से गुस्से में कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, केराकछार गांव निवासी मंगलो बाई अपने पति प्रेमलाल सारथी और तीन बच्चों के साथ रहती थीं। परिवार के अनुसार, उन्हें मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत थी।

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थीं। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। कुछ देर इंतजार करने के बाद भी नेटवर्क वापस नहीं आया और रील शुरू नहीं हुई। इससे वह नाराज हो गईं और उन्होंने मोबाइल को जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया।

इसके बाद मंगलो बाई कमरे के अंदर चली गईं और दरवाजा बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह बाहर आईं और बरामदे में बैठ गईं। कुछ देर बाद उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं।

शुरुआत में परिजनों को लगा कि उनकी तबीयत खराब हो गई है। लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने पर परिवार को संदेह हुआ। कमरे की जांच करने पर वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद परिजनों को पता चला कि मंगलो बाई ने कीटनाशक पी लिया है।

परिजन उन्हें डायल-112 की मदद से करतला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने महिला को उल्टी कराने के लिए गोबर का पानी भी पिलाया था। हालांकि, इससे उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button