धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पत्नी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। भखारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी पति **विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30)** को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका वीणा ध्रुव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उसके पति पर आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर **4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे** आरोपी ने कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
पुलिस के मुताबिक पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने घटना छिपाने और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी द्वारा खुदकुशी किए जाने की कहानी बताई।
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल नायलॉन की रस्सी जब्त कर ली है। आरोपी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू, निवासी सुपैला, थाना भखारा, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना के जरिए मामले का खुलासा किया जा रहा है।



