छत्तीसगढ़

समय की पाबंदी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए आराधना साहू को फिर मिला प्रशंसा-पत्र..

रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचान बनाने वाली आराधना साहू को एक बार फिर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा-पत्र मिला है। सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन की ओर से 31 अगस्त 2026 को जारी प्रशंसा-पत्र में मुख्य सचिव विकास शील ने जुलाई 2026 के दौरान समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने और अनुशासन बनाए रखने के लिए उनकी सराहना की है।

प्रशंसा-पत्र में आराधना साहू के समयपालन, अनुशासन और कार्य के प्रति निष्ठा को प्रोत्साहन और प्रेरणा के योग्य बताया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करने का लंबा अनुभव

आराधना साहू ने मंत्रालय में विभिन्न वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के साथ काम करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्हें प्रशासनिक कार्यों, समय प्रबंधन, बैठकों के समन्वय, अधिकारियों के बीच संवाद और कार्यालयीन जिम्मेदारियों का लंबा अनुभव है।

बताया गया है कि उन्होंने पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन के साथ करीब 8 वर्षों तक काम किया। इसके अलावा आईएएस अजय सिंह और गणेश शंकर मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी उन्होंने जिम्मेदारियां संभाली हैं।

24 साल की सेवा में 20 साल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ

आराधना साहू की करीब 24 वर्षों की सेवा में लगभग 20 साल अलग-अलग वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करने का अनुभव रहा है। पुराने मंत्रालय से लेकर महानदी भवन तक लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

उनकी कार्यशैली में समय की पाबंदी, अनुशासन और जिम्मेदारी को प्रमुखता दी जाती है। यही वजह है कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसेमंद स्टाफ के रूप में पहचान मिली है।

मेहनत और अनुशासन का सम्मान

मुख्य सचिव विकास शील की ओर से मिला यह प्रशंसा-पत्र आराधना साहू की नियमितता और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना के तौर पर देखा जा रहा है। जुलाई 2026 में समय पर कार्यालय पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने के लिए मिली यह प्रशंसा उनके लंबे सेवा अनुभव और कार्य के प्रति समर्पण को भी रेखांकित करती है।

Leave a Reply

Back to top button