धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के कंडेल गांव में रविवार देर रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात राहगीरों ने अर्जुनी थाना पुलिस को एक युवक के खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय पारसमणि साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपसी रंजिश या कोई और वजह?
पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात आपसी रंजिश के चलते हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पतासाजी कर रही है।
फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।



