बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिरा हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा युवक करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास बिजली का एलटी तार टूटकर सड़क पर गिरा था। शुक्रवार रात इसी रास्ते से गुजर रहे ईश्वर अनंत उर्फ राजू की तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया।
एक ही जगह दोबारा हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की इसी स्थान के आसपास बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। अब दोबारा करंट से मौत की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग पर समय रहते टूटे तार को नहीं हटाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



