बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र की RPF कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर नरेश गुप्ता (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे थप्पड़ का बदला लेने की बात सामने आई है।
बताया गया कि मंगलवार रात बारिश के दौरान नाबालिग की साइकिल से पानी सुपरवाइजर पर छिटक गया था। आरोप है कि नरेश ने उसे तीन थप्पड़ मारे थे। इससे नाराज नाबालिग ने बदला लेने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:30 बजे नाबालिग निर्माण स्थल में घुसा और सुपरवाइजर के कमरे तक पहुंचा। वहां उसने हथौड़े से हमला कर नरेश की हत्या कर दी। गुरुवार सुबह कर्मचारियों ने नरेश का शव खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के CCTV फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस नाबालिग तक पहुंची। मामले में GRP, RPF, तोरवा पुलिस, FSL और डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच की। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



