धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से घरेलू विवाद का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने से मना करने पर गुस्साए पति ने पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भैंसमुंडी निवासी चम्मन लाल साहू 2 सितंबर की रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी पत्नी किरण साहू ने शराब पीने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हथौड़े से पत्नी पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
परिजनों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को सीएचसी मगरलोड ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



